
काल्पनिक छायाचित्र
मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र में दूध बांटने जा रहे एक युवक पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर गोली मार दी। गोली युवक के सिर में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने हालत नाजुक होने पर सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चार नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव ग्वालटोली निवासी शैलेश कुमार पुत्र श्रीचंद्र ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 3 अगस्त की शाम करीब 7 बजे उनका भाई विजेंद्र कुमार गांव रूपपुर से दूध लेकर वितरण के लिए मैनपुरी-कुरावली मार्ग पर जा रहा था। आरोप है कि अंजनी के पास, ओमेंद्र यादव पेट्रोल पंप से आगे पहले से घात लगाए बैठे रवि कुमार, राजीव, सुभाष, धनवेश तथा एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे घेर लिया।
शिकायत के अनुसार, रवि कुमार ने विजेंद्र के सिर के ऊपरी हिस्से में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।
