रानी अवंतीबाई लोधी की 195वीं जयंती पर मैनपुरी में निकली भव्य शोभायात्रा, हजारों लोग हुए शामिल

मैनपुरी। वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की 195वीं जयंती जिलेभर में उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई गई। मैनपुरी शहर के साथ-साथ कुरावली और आलीपुर खेड़ा में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। शहर में निकाली गई भव्य शोभायात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के साहस, शौर्य और बलिदान को याद किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने दिखाई हरी झंडी

शहर के ज्योति तिराहा स्थित केएस मैरिज होम से शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने घोड़े पर सवार वीरांगना अवंतीबाई लोधी के स्वरूप का माल्यार्पण कर तथा हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया। कार्यक्रम से पहले शोभायात्रा संयोजक खजान सिंह लोधी ने सह संयोजक आदेश लोधी, अनिल वर्मा, शिवकुमार राजपूत और गोविंद लोधी के साथ जिलाध्यक्ष का स्वागत किया।
शोभायात्रा में सबसे आगे एक दर्जन से अधिक महापुरुषों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके पीछे डीजे और उसके बाद घोड़े पर सवार हाथों में तलवार लिए वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के स्वरूप की झांकी चल रही थी। युवाओं ने डीजे पर बज रहे महारानी के बलिदान से जुड़े गीतों पर नारे लगाते हुए माहौल को देशभक्ति और जोश से भर दिया।
बाइक रैली ने बढ़ाया उत्साह
शोभायात्रा के साथ युवाओं ने बाइक रैली भी निकाली। बड़ी संख्या में युवा बाइक लेकर यात्रा में शामिल हुए और वीरांगना के शौर्य एवं बलिदान को याद करते हुए नारे लगाए। यात्रा के दौरान लोगों में खासा उत्साह और जोश देखने को मिला।
शोभायात्रा आगरा रोड से शुरू होकर बड़ा चौराहा, तांगा स्टैंड, क्रिश्चियन तिराहा, कचहरी रोड और ईसन नदी पुल होते हुए जेल चौराहा पहुंची। यहां स्थित वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शोभायात्रा का समापन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने उनके अदम्य साहस और देश के लिए दिए गए बलिदान को याद करते हुए लोगों से उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
जगह-जगह हुआ शोभायात्रा का स्वागत
शहर में शोभायात्रा का विभिन्न वर्गों के लोगों, राजनीतिक दलों और व्यापारी संगठनों की ओर से जगह-जगह स्वागत किया गया। कई स्थानों पर स्वागत स्टॉल लगाए गए थे। शोभायात्रा में शामिल लोगों पर फूलों की वर्षा की गई और पेय पदार्थ व फलाहार का वितरण किया गया।
शोभायात्रा को लेकर युवाओं और समाज के लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर शोभायात्रा संयोजक खजान सिंह लोधी ने सभी सहयोगियों और उपस्थित लोगों का आभार जताया।
कुरावली और आलीपुर खेड़ा में भी आयोजन
रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती के अवसर पर कुरावली और आलीपुर खेड़ा में भी शोभायात्रा एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं सपा कार्यालय पर भी वीरांगना अवंतीबाई लोधी की जयंती मनाई गई और केक काटकर उन्हें याद किया गया। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने उनके जीवन, संघर्ष और देशभक्ति को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोभायात्रा में ये रहे मौजूद
शोभायात्रा में अहिबरन सिंह राजपूत, भोगांव सतीश राजपूत, लोधी कमल वर्मा, राजू राजपूत, ब्लॉक प्रमुख काशमीर हाकिम सिंह राजपूत, रितिक राजपूत, अनिल राजपूत, नीटू राजपूत, ब्लॉक प्रमुख कश्मीर राजपूत, नारम सिंह राजपूत, पिंटू राजपूत, सुभाष राजपूत, डा. निर्मल राजपूत, रामकिशोर राजपूत, भूरे राजपूत, रोहित राजपूत, महाराज सिंह लोधी, डॉ रघुनंदन राजपूत, राहुल लोधी, सतेंद्र लोधी, नितिन लोधी, मिलन लोधी, अजीत लोधी आदि मौजूद रहे।
वहीं जेल चौराहा पर पूर्व मंत्री विधायक रामनरेश अग्निहोत्री, प्रधान महाराज सिंह लोधी, पुष्पेंद्र सिंह राजपूत, राजू राजपूत, किशनी विधायक बृजेश कठेरिया, पूर्व विधायक राजू यादव, खुमान सिंह वर्मा, लक्ष्मी यादव, गोपाल दास लोधी, राजू चौधरी सहित बड़ी संख्या में लोगों ने वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी को याद करते हुए उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
