मैनपुरी। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के मुख्यालय में मंगलवार को समितियों के सुचारु संचालन, डिजिटल कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाने तथा कंप्यूटर मित्र कार्मिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की विभिन्न बैंक शाखाओं के शाखा प्रबंधकों एवं बी-पैक्स (PACS) सचिवों ने भाग लेकर अपने सुझाव एवं समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

बैठक की अध्यक्षता जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह राठौर ने की, जबकि भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष ममता राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अपने संबोधन में ममता राजपूत ने कहा कि “सहकारिता एक मां के समान है। इसके मूल में सहयोग की भावना निहित है और सभी को इसी भावना के साथ कार्य करना चाहिए।” उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाकर किसानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अधिकतम लाभ पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक के दौरान सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने समितियों में कंप्यूटर मित्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, डिजिटल सेवाओं को प्रभावी बनाने, शाखाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा कार्यों के समयबद्ध एवं पारदर्शी संचालन पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने शाखा प्रबंधकों एवं बी-पैक्स सचिवों को शासन की मंशा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध कराने और कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न शाखाओं से संबंधित समस्याओं पर विचार-विमर्श कर उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया गया।

बैठक में सचिव एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी एम.एस. सिद्दीकी, ए.आर. कोऑपरेटिव जितेंद्र सिंह पाल, सुमित चौहान, अंबर चौहान, बिल्लू, प्रतिमा चौहान, महेंद्र प्रताप सिंह, संजीव कुमार सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी, बैंक कर्मचारी तथा जनपद की विभिन्न बी-पैक्स समितियों के सचिव उपस्थित रहे। बैठक में सहकारिता व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *