फायर ब्रिगेड के साथ थाना पुलिस, एसडीएम कुरावली और अपर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे; संचालक को दिए आवश्यक निर्देश

कुरावली। थाना क्षेत्र के गांव जसवंतपुर स्थित बृज मंगल सिंह कोल्ड स्टोर में अचानक अमोनिया गैस का रिसाव होने से आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। गैस की तेज दुर्गंध के कारण लोग परेशान हो गए। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों और थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक मैनपुरी, क्षेत्राधिकारी भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी, एसडीएम कुरावली प्रदीप सिंह और तहसीलदार कुरावली अखिल गोयल दमकल विभाग के कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे।

फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों और एक अन्य कोल्ड स्टोर के इंजीनियर ने ऑक्सीजन सिलेंडर की मदद से कोल्ड स्टोर के अंदर प्रवेश कर गैस के रिसाव को बंद किया। इसके बाद दमकल विभाग के कर्मचारियों ने पानी की बौछार कर गैस की दुर्गंध को कम किया।
एसडीएम कुरावली ने कोल्ड स्टोर संचालक राजीव चौहान को निर्देश दिए कि इंजीनियर बुलाकर पूरी तरह मरम्मत कराने के बाद ही कोल्ड स्टोर का संचालन किया जाए। साथ ही संबंधित संस्था से एनओसी लेने के भी निर्देश दिए।
