
मैनपुरी। शासन के निर्देशों के तहत भू-माफियाओं और अवैध अतिक्रमणकारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 बीघा ग्राम समाज की बेशकीमती भूमि को कब्जामुक्त कराया। इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया।
प्रशासनिक टीम ने ग्राम औडेन्य पडरिया सिंहपुर नहर के पास मैनपुरी-करहल मार्ग स्थित ग्राम समाज की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया। मौके पर पहुंची टीम ने अतिक्रमण हटवाते हुए भूमि को प्रशासनिक कब्जे में लिया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ग्राम समाज की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शासन की मंशा के अनुरूप सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि इन जमीनों का उपयोग जनहित और विकास कार्यों में किया जा सके।

कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी मैनपुरी अभिषेक कुमार, नायब तहसीलदार शौर्य वर्धन राठौर, कानूनगो सदर बृजेश सिंह राठौर तथा लेखपाल प्रशांत राठौर मौजूद रहे। चकबंदी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी अभियान के दौरान उपस्थित रहे।
प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने ग्राम समाज की भूमि कब्जामुक्त कराए जाने पर प्रशासन की सराहना की है।
