
मैनपुरी। ब्लॉक जागीर क्षेत्र के ग्राम एलाऊ में पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची से बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम गायब होने पर शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। दर्जनों ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए बीएलओ के खिलाफ नारेबाजी की और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में महिलाओं और युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची तैयार करने में गंभीर लापरवाही बरती गई है। गांव निवासी हरिओम चौहान ने बताया कि सूची का अवलोकन करने पर उनका, उनकी पत्नी, माता एवं भाई का नाम मतदाता सूची में नहीं मिला, जबकि विधानसभा मतदाता सूची में सभी के नाम दर्ज हैं और उनके पास वैध वोटर आईडी कार्ड भी मौजूद हैं।
उन्होंने बताया कि यह समस्या केवल उनके परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव के अनेक परिवारों के नाम भी सूची से गायब हैं। वहीं लगभग आधा सैकड़ा ऐसे युवा हैं जिनकी आयु 18 वर्ष से अधिक हो चुकी है, लेकिन उनके नाम पंचायत मतदाता सूची में शामिल नहीं किए गए हैं।
ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराने के साथ-साथ थाना दिवस में एसडीएम भोगांव नीरज द्विवेदी को भी शिकायती पत्र सौंपा है। हरिओम चौहान ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण न्यायालय की शरण लेने को विवश होंगे।
ग्रामीणों ने मांग की है कि ग्राम एलाऊ की पंचायत मतदाता सूची की तत्काल जांच कराई जाए, छूटे हुए पात्र मतदाताओं का सत्यापन कर उनके नाम सूची में जोड़े जाएं तथा सूची तैयार करने में बरती गई लापरवाही की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही गांव में विशेष शिविर लगाकर पात्र मतदाताओं का सत्यापन कराने की भी मांग उठाई गई।
प्रदर्शन में रामराज राठौर, विकास कुमार, अजय राठौर, दिनेश कठेरिया, हरिओम कुमार, मंजू देवी, पुष्पा देवी, शीला देवी, रामसेवक पाल, रजनेश पाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इस संबंध में एसडीएम भोगांव नीरज द्विवेदी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले की जांच कराई जाएगी और पात्र मतदाताओं के नाम शीघ्र ही पंचायत मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्रवाई की जाएगी
