
मैनपुरी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के संबंध में सोशल मीडिया पर की जा रही कथित अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर सपा नेताओं ने पुलिस अधीक्षक मैनपुरी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
सपा नेताओं का कहना है कि पिछले दो दिनों से कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर अखिलेश यादव की पुत्री के संबंध में अनर्गल, असत्य एवं अभद्र टिप्पणियां पोस्ट और शेयर की जा रही हैं। इससे न केवल उनकी सामाजिक एवं राजनीतिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है, बल्कि समाज में वैमनस्यता फैलाने की भी आशंका उत्पन्न हो रही है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कुछ शरारती एवं असामाजिक तत्व सुनियोजित षड्यंत्र के तहत इस प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर रहे हैं। इससे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त है। नेताओं ने कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर किसी व्यक्ति अथवा परिवार की गरिमा को ठेस पहुंचाना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।
सपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री आलोक कुमार शाक्य, जिला महासचिव रामनरायन बाथम, पूर्व विधायक राजकुमार उर्फ राजू यादव, विधायक किशनी इंजीनियर बृजेश कठेरिया सहित अन्य नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित आपत्तिजनक पोस्टों को तत्काल हटवाया जाए तथा उन्हें पोस्ट और शेयर करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में देवेन्द्र सिंह यादव, हरवीर प्रजापति, सुखबीर सिंह, नृप चौधरी सहित अन्य सपा नेता एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।

News achhi hai
Thanks Reeta ji