
मैनपुरी। फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहित की जा रही जमीन के बढ़े हुए सर्किल रेट के अनुसार मुआवजा न मिलने से नाराज किसानों ने मंगलवार, 18 अगस्त को ग्राम शिवसिंहपुरा में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के नेतृत्व में बैठक की। बैठक की अध्यक्षता भाकियू टिकैत के बेवर ब्लॉक अध्यक्ष संतोष यादव ने की।
बैठक में किसानों ने बताया कि फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे जनपद मैनपुरी के छबीलेपुर, शिवसिंहपुर, अहिमलपुर, नगला पांडे, नगला बीकू, चनेपुर, वीलपुर, अकबरपुर बीकू, कमालपुर, महमुदिया, अलीपुर और पटना टिलुआ समेत कई गांवों से होकर गुजर रहा है। किसानों का कहना है कि उचित मुआवजा नहीं मिलने के कारण उन्होंने शुरुआत में अपनी जमीन देने से इनकार किया था।
किसानों के मुताबिक तत्कालीन जिलाधिकारी अंजनी कुमार ने उन्हें आश्वासन दिया था कि वर्तमान सर्किल रेट के आधार पर बैनामा कराने के बाद यदि सरकार द्वारा सर्किल रेट में वृद्धि की जाती है तो किसानों को बढ़े हुए रेट के अनुसार मुआवजा दिलाया जाएगा। किसानों का आरोप है कि अब सर्किल रेट बढ़कर 13 लाख रुपये से अधिक हो चुका है, लेकिन पहले बैनामा करा चुके किसानों को बढ़े हुए रेट का लाभ नहीं दिया जा रहा है।
बैठक में पहुंचे भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष मुकेश यादव ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उचित मुआवजा मिलने तक संगठन किसानों के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि बढ़े हुए सर्किल रेट के अनुसार भुगतान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
किसानों ने भी कहा कि बढ़े हुए सर्किल रेट के अनुसार मुआवजा दिए बिना वे अपनी जमीनों का अधिग्रहण स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने प्रशासन से मामले का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को सड़क तक ले जाया जाएगा।
बैठक में तहसील महासचिव किशनी प्रदीप पाल, अवधेश कुमार, विजय सिंह, संतोष कुमार, विनोद कुमार, लालमन, प्रमोद कुमार, पवन कुमार, अमन, बलराम सिंह, ओम सिंह, बंसीलाल, सतीश चंद्र, चुन्नालाल, होती राम, महेश सिंह, खुशीराम यादव, नवीन कुमार, प्राग सिंह, विनय यादव, उदयवीर सिंह, वीर राज, अनुज, राजेश चंद्र, बृजेश सिंह, देवेंद्र प्रताप, सुरेश चंद, ओंकार सिंह, प्रवीण कुमार, अवनीश, धर्मेंद्र सिंह, शब्बीर सिंह, बलवीर, रामप्रकाश, रामनिवास पाल, मोहन और नितेश सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
