
नवीगंज। गुरुवार को हुई बारिश के बाद नवीगंज से धीरपुर होते हुए फर्रुखाबाद को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर काली नदी पुल के निकट सड़क का एक हिस्सा धंस गया। सड़क धंसने से मार्ग पर गहरा गड्ढा बन गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए आवागमन जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
नवीगंज-धीरपुर-फर्रुखाबाद मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसी रास्ते से नवीगंज क्षेत्र के लोग फर्रुखाबाद आते-जाते हैं। वहीं फर्रुखाबाद जिले के सीमावर्ती गांवों के लोग भी खरीदारी और अन्य जरूरी कार्यों के लिए नवीगंज बाजार पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क के क्षतिग्रस्त होने से रोजाना बड़ी संख्या में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क का हिस्सा बारिश के बाद धंस गया। खासकर रात के समय गड्ढा दिखाई न देने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। हादसे से बचाव के लिए राहगीरों ने गड्ढे के पास पत्थर रख दिए हैं, ताकि वाहन चालकों को दूर से ही सड़क की स्थिति का अंदाजा हो सके।
राहगीर पुष्पेंद्र शर्मा, मोहित शाक्य, रामू राजपूत, शिवा राजपूत, आलोक शाक्य और सत्येंद्र राजपूत ने बताया कि बारिश के बाद सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और गड्ढे को सुरक्षित तरीके से भरने की मांग की है।
