
मैनपुरी। भारतीय किसान यूनियन (श्रमिक जनशक्ति) के जिलाध्यक्ष अतुल कुमार यादव के नेतृत्व में शुक्रवार को किसानों, मजदूरों और महिलाओं की विभिन्न समस्याओं को लेकर 10 सूत्रीय मांगों के समर्थन में पैदल मार्च निकाला गया। मार्च के समापन के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में किसानों के सरकारी ऋण माफ करने, किसानों के बिजली बिल समाप्त करने तथा प्रदेश में निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराने, स्मार्ट मीटर व्यवस्था समाप्त करने, किसानों को बीज, खाद एवं सिंचाई के लिए मुफ्त पानी उपलब्ध कराने, किसानों, गरीबों और महिलाओं को मासिक पेंशन दिए जाने सहित कई प्रमुख मांगें उठाई गईं। इसके अलावा आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा देकर सम्मानजनक मानदेय प्रदान करने की भी मांग की गई।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए अलग ज्ञापन में संगठन ने जनपद के विभिन्न थानों में आम नागरिकों की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। ज्ञापन के माध्यम से निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा आम लोगों को बिना किसी भेदभाव के त्वरित एवं निष्पक्ष न्याय उपलब्ध कराने की मांग की गई। संगठन ने कहा कि पुलिस व्यवस्था को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाना आवश्यक है।
इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिलेश क्रांतिकारी, जिला अध्यक्ष (महिला प्रकोष्ठ) लक्ष्मी यादव, राधा कृष्ण यादव, सहवीर सिंह, अशोक कुमार, राजवीर सिंह, बिट्टू सिंह, प्रिंस, रामचंद्र शाक्य सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक एवं तेज किया जाएगा।
