
मैनपुरी। अखिल भारतीय प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह यादव के नेतृत्व में गुरुवार को जनपद के विभिन्न ग्राम प्रधानों ने जिलाधिकारी मैनपुरी को ज्ञापन सौंपकर ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों में आ रही समस्याओं से अवगत कराया। प्रधानों ने पंचायत सचिवों की कार्यशैली, समन्वय की कमी तथा लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनाती को विकास कार्यों में बाधा का प्रमुख कारण बताया।
ज्ञापन में कहा गया कि कई ग्राम पंचायतों में विकास योजनाओं का क्रियान्वयन समय पर नहीं हो पा रहा है। प्रधानों का आरोप है कि पंचायत सचिवों और ग्राम प्रधानों के बीच समन्वय के अभाव के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही, कुछ पंचायत सचिव तीन से चार वर्षों से एक ही ग्राम पंचायत अथवा विकास खंड में तैनात हैं, जिससे कार्यप्रणाली पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
प्रधानों ने मांग की कि लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात पंचायत सचिवों का स्थानांतरण किया जाए, ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गति सुनिश्चित हो सके। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि 26 मई 2026 से पूर्व कराए गए विकास कार्यों के भुगतान की स्वीकृति के लिए आवश्यक विवरण अभी तक संबंधित कार्यालय को उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे भुगतान लंबित है।
प्रधानों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करने तथा लंबित विकास कार्यों और भुगतान की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कराने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए सभी ग्राम प्रधानों से गांवों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा 15 अगस्त के अवसर पर अपने-अपने पंचायत कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आग्रह किया।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह यादव, कुंवरपाल सिंह, अवधेश चौधरी, महेंद्र सिंह, राजबहादुर, ध्रुव सिंह, दिनेश कुमार, सरला देवी, विपिन कुमार, कृष्ण मुरारी, अमित कुमार, राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रधानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो अखिल भारतीय प्रधान संगठन व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
