
मैनपुरी। सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक मनाए जा रहे सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, मैनपुरी मुख्यालय पर महिलाओं के लिए विशेष सदस्यता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह राठौड़ ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष ममता राजपूत उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सहकारिता आंदोलन से जोड़ना, उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित करना तथा प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों (बी-पैक्स) की सदस्यता के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विभिन्न बी-पैक्स क्षेत्रों से आई महिलाओं ने भाग लेकर सदस्यता अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक सहकारिता आदित्य कुमार दुबे, संयुक्त आयुक्त एवं उप निबंधक सहकारिता जितेंद्र पाल सिंह तथा जिला सहकारी बैंक के सचिव एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी एम. ए. सिद्दीकी ने सहकारिता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। अधिकारियों ने कहा कि सहकारिता केवल एक संस्था नहीं, बल्कि सामूहिक विकास और आत्मनिर्भरता का प्रभावी माध्यम है। यदि महिलाएं बड़ी संख्या में सहकारी संस्थाओं से जुड़ती हैं तो उन्हें वित्तीय सेवाओं, सरकारी योजनाओं और स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

अधिकारियों ने बताया कि सहकारिता सप्ताह के दौरान जिलेभर में विभिन्न जन-जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रत्येक बी-पैक्स क्षेत्र में महिलाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ना, उनकी वित्तीय भागीदारी बढ़ाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाना है।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को सहकारी संस्थाओं की कार्यप्रणाली, सदस्य बनने की प्रक्रिया तथा सदस्यता से मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें कृषि, लघु उद्योग, बचत, ऋण सुविधाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सहकारिता के माध्यम से प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर बैंक संचालक अंबर चौहान, अनुज राठौर, सुषमा दीक्षित, सीमा चौहान, सुमित चौहान, शशि प्रभाग कश्यप, अनीता राजपूत, मिथिलेश दुबे, संतोषी मिश्रा, रामचंद्र लोधी, मंजूषा चौहान और लोकेंद्र नाथ चतुर्वेदी सहित बैंक के अधिकारी, बी-पैक्स सचिव, शाखा प्रबंधक एवं बड़ी संख्या में महिला प्रतिभागी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं को अधिक से अधिक संख्या में सहकारी संस्थाओं से जोड़ने और सदस्यता अभियान को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
