मैनपुरी । आशा यूनियन की जिला अध्यक्ष रेखा यादव के नेतृत्व में आशा बहुओं और संगिनियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपनी आवाज बुलंद की और मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सीएमओ को सौंपते हुए तत्काल समाधान की गुहार लगाई।

प्रदर्शनकारियों ने प्रमुखता से मांग रखी कि स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ मानी जाने वाली आशा बहुओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए और उनका मानदेय बढ़ाकर 20 हजार से 26 हजार रुपये प्रतिमाह तय किया जाए। उन्होंने रोष जताते हुए कहा कि वर्तमान में मिलने वाले महज दो हजार रुपये में महंगाई के इस दौर में परिवार चलाना नामुमकिन हो गया है। इसके साथ ही अस्पतालों में प्रसूताओं के साथ आने पर आशा बहुओं के लिए बैठने की सम्मानजनक व्यवस्था करने, सर्वे कार्य के लिए 5जी स्मार्टफोन और क्षेत्र भ्रमण हेतु स्कूटी उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।

धरने के दौरान कार्यालय परिसर “अभी करो, अर्जेंट करो, हमको परमानेंट करो”, “हम फूल नहीं, चिंगारी हैं” और “2000 में दम नहीं, 20,000 से कम नहीं” जैसे नारों से गूंज उठा। वक्ताओं ने कहा कि जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के बावजूद सरकार उन्हें स्थायी कर्मचारी मानने और उचित मानदेय देने में अनदेखी कर रही है।

इस प्रदर्शन में ममता रानी, सरिता, माधुरी, शैलजा, उमा देवी, कुसुम लता, बीना, रेनू शर्मा, निहारिका, पिंकी, किरण, रेखा शर्मा, पुष्पा, शकुंतला, सोनम, उर्मिला, सुमन, वंदना, अनुराधा, पूजा, सपना, ज्योति, संगीता, कमला, नीलम, सबिया बेगम, कमलेश, सुधा, वैजयंती, रीना, मंजूलता, विमला देवी, सुनीता देवी, रचना यादव, गुड्डी देवी, बृजरानी, अंजू, विनीता, पूनम, मीना, संतोष कुमारी और मधुलता सहित सैकड़ों आशा बहुएं व संगिनियां उपस्थित रहीं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *