मैनपुरी में आशा बहुओं और संगिनियों ने निकाला पैदल मार्च, स्थायीकरण की मांग उठाई

मैनपुरी। विभिन्न मांगों को लेकर आशा बहुओं और संगिनियों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित तिकोनिया पार्क से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कुरावली रोड, ईशन नदी पुल, कचहरी रोड और बस स्टैंड होते हुए क्रिश्चियन तिराहे के निकट स्थित सीएमओ कार्यालय पहुंचकर जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान आशा बहुओं और संगिनियों ने “अभी करो, अर्जेंट करो, हमको परमानेंट करो”, “आशा यूनियन जिंदाबाद”, “हम फूल नहीं, चिंगारी हैं”, “मान नहीं, सम्मान चाहिए, हमें वेतनमान चाहिए” और “2000 में दम नहीं, 20,000 से कम नहीं” जैसे नारे लगाकर अपनी मांगों को बुलंद किया।

संविदा कर्मचारियों के धरने को दिया समर्थन

सीएमओ कार्यालय पर स्वास्थ्य विभाग के संविदा कर्मचारी और अधिकारी पहले से ही अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। आशा बहुओं और संगिनियों के पहुंचने पर सभी ने एकजुट होकर स्थायीकरण की मांग उठाई। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सीएमओ को सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से अपनी समस्याओं का समाधान कराने और मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की अपील की।

सम्मानजनक वेतन और स्थायीकरण की मांग

आशा बहुओं और संगिनियों का कहना है कि वे स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें स्थायी कर्मचारी का दर्जा, सम्मानजनक वेतनमान और अन्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने सरकार से लंबे समय से लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार करने और उन्हें जल्द स्थायी करने की मांग की।

ये रहे मौजूद

प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष रेखा यादव, संगिनी जिला अध्यक्ष दिनेश यादव, ममता रानी, सरिता, माधुरी, शैलजा, उमादेवी, कुसुम लता, विमला देवी, सुनीता देवी, रचना यादव, गुड्डी देवी, बृजरानी, साहब, शकुंतला, नीलम, अंजू, विनीता, पूनम, मीणा, संतोष कुमारी, रेनू, रेखा शर्मा, मधुलता सहित सैकड़ों आशा बहुएं और संगिनियां मौजूद रहीं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *